
हमीरपुर के गौरव शर्मा ने न्यूजीलैंड में जीता चुनाव, बने न्यूजीलैंड के सांसद,
हिमाचल के जिला हमीरपुर के गलोड़ निवासी डॉ. गौरव शर्मा ने न्यूजीलैंड में सांसद बनकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। गौरव शर्मा (33) को आज न्यूजीलैंड में हैमिल्टन पश्चिम से संसद सदस्य (सांसद) चुना गया। वह लेबर पार्टी के उम्मीदवार थे और नेशनल पार्टी के टिम मैकिन्डो को 4,386 से अधिक मतों से हराया। यह उनका दूसरा प्रयास था डॉ. गौरव शर्मा को 15873 मत प्राप्त हुए जबकि इनके प्रतिद्वंद्वी नेशनल पार्टी के नेता टीम को 11487 वोट मिले।
डॉ. गौरव शर्मा अपने परिवार सहित कई साल पहले न्यूजीलैंड शिफ्ट हो गए हैं। उनके पिता गिरधर शर्मा राज्य विद्युत बोर्ड में कार्यकारी अभियंता थे और माता पूर्णिमा शर्मा गृहिणी हैं। डॉ. गौरव शर्मा हिमाचल प्रदेश सरकार के पूर्व शिक्षा सचिव डॉ. अरुण कुमार शर्मा के भांजे हैं। शर्मा का जन्म 1 जुलाई, 1987 को हुआ था। उन्होंने यहां डीएवी स्कूल में कक्षा चौथी तक पढ़ाई की और धर्मशाला के अधुनाक पब्लिक स्कूल से कक्षा सातवीं पूरी की, डॉ. गौरव इससे पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन उन्हें जीत नसीब नहीं हुई थी। इस दौरान उन्होंने पब्लिक हैल्थ से जुड़े कई प्रोजैक्टों में काम किया। बाद में उन्हें चयंग न्यूजीलैंडर ऑफ इयर्स के सम्मान के लिए मनोनीत किया गया। 1996 में गौरव शर्मा जब अपने पिता गिरधारी लाल के साथ न्यूजीलैंड गए थे तो शायद ही किसी ने सोचा होगा की एक दिन हिमाचल का होनहार युवा न्यूजीलैंड में सांसद बनकर पूरे देश व प्रदेश का नाम रोशन करेगा। आज क्षेत्र में हर किसी की जुबान पर यही है की मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती।